सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम में चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नगर थाना क्षेत्र के गौरक्षणी स्थित टीओपी से महज सौ मीटर की दूरी पर चोरों ने आईडीबीआई बैंक के एटीएम को निशाना बनाया। चोरों ने शटर का ताला तोड़कर एटीएम के अंदर प्रवेश किया और गैस कटर से मशीन को काटकर उसमें रखी रकम लेकर फरार हो गए। व्यस्त इलाके में पुलिस चौकी के बेहद करीब हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
गैस कटर से काटी एटीएम मशीन
जानकारी के अनुसार, वारदात बीती रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। तीन अपराधकर्मी एटीएम के पास पहुंचे और शटर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटा गया और उसमें रखी नकदी निकाल ली गई। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि सभी अपराधियों ने अपने चेहरे ढक रखे थे।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात
एटीएम और आसपास की दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज में तीन अपराधकर्मी दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सील कर दिया। सदर डीएसपी वन विप्लव कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। घटनास्थल से एफएसएल टीम ने भी कई साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
चोरी गई रकम का अभी नहीं हुआ खुलासा
एटीएम से कितनी रकम चोरी हुई है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। डीएसपी के अनुसार, आईडीबीआई बैंक के अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है। बैंक अधिकारियों द्वारा एटीएम में मौजूद नकदी का मिलान करने के बाद ही चोरी गई रकम की सही जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।






