
सहरसा। जिले के बकवाहाट थाना क्षेत्र में एक मछली विक्रेता ने बाइक सवार बदमाशों पर पीछा कर मारपीट करने, देसी पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और करीब 25 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाने का भी दावा किया है। बाद में स्थानीय विधायक के हस्तक्षेप के बाद आवेदन की रिसीविंग मिलने की बात सामने आई है।
पीड़ित मछली विक्रेता धर्मेंद्र मुखिया, निवासी घर अंधरी, ने बताया कि वह चपराम चौक की ओर से बाइक से जा रहे थे। चौक से करीब 500 मीटर आगे पहुंचने के बाद बाइक सवार कुछ युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूर जाने के बाद बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली।
धर्मेंद्र मुखिया का आरोप है कि बाइक रोकने के बाद बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान एक बदमाश ने देसी पिस्तौल निकाल ली और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने उनकी जेब में रखे करीब 25 हजार रुपये भी छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित बकवाहाट थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। धर्मेंद्र मुखिया का कहना है कि थाना पहुंचने के बाद एसएचओ घटनास्थल की ओर गए और उन्हें वहां से जाने के लिए कहा गया। इसके बाद जब उन्होंने थाने में लिखित आवेदन देने का प्रयास किया तो उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया गया।
पीड़ित के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने स्थानीय विधायक को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। विधायक द्वारा थाने में फोन किए जाने के बाद पुलिस ने उनका आवेदन स्वीकार किया और उन्हें आवेदन की रिसीविंग दी गई।
फिलहाल पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर से जांच की जा रही है। घटना में शामिल बदमाशों की पहचान और कथित रूप से छीने गए रुपये की बरामदगी को लेकर भी पुलिस की कार्रवाई पर नजर है। मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।





