
समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में हथियार के बल पर लूट की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। एरौत मुसहरी चौक स्थित सुमन ज्वेलर्स में पल्सर बाइक से पहुंचे दो बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए और पिस्टल दिखाकर करीब तीन लाख रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, कटहरबन्नी मोहल्ला निवासी राम नारायण ठाकुर पिछले करीब दो वर्षों से एरौत मुसहरी चौक पर सुमन ज्वेलर्स की दुकान चला रहे हैं। शनिवार शाम करीब चार बजे दो युवक पल्सर बाइक से दुकान पर पहुंचे। दोनों ने खुद को ग्राहक बताया और दुकानदार से सोने के आभूषण दिखाने को कहा।
दुकानदार के अनुसार, आभूषण देखने के दौरान अचानक दोनों बदमाशों ने हथियार निकाल लिया और उन्हें धमकाने लगे। इसके बाद काउंटर पर रखे आभूषणों में से कई जेवर लेकर दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। वारदात के बाद दुकानदार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि बाइक सवार दो अपराधी ग्राहक बनकर ज्वेलर्स की दुकान में पहुंचे थे। आभूषण दिखाने के बहाने उन्होंने दुकानदार से डिब्बा निकलवाया और उसमें रखे 4-5 सोने के हनुमानी तथा एक जोड़ा कान का आभूषण झपटकर फरार हो गए। एसडीपीओ ने बताया कि दुकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। आसपास के कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
पुलिस ने अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। एसडीपीओ ने जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की बात कही है।





