सहरसा। भारतीय जनता पार्टी की जिला बैठक शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय, पटुआहा, सहरसा में आयोजित हुई। 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, 5 अक्टूबर को ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम और 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष साजन शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री शिव भूषण सिंह ने किया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में क्षेत्रीय संगठन प्रभारी अनंत नारायण मिश्रा, जिला प्रभारी सुनील कुमार और प्रदेश नेता सह विस्तारक प्रभारी संजय राय मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। जिला अध्यक्ष साजन शर्मा ने अतिथियों को पाग-चादर भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक को पूर्व मंत्री डॉ. आलोक रंजन, नगर निगम मेयर बैन प्रिया, पूर्व विधायक सुरेंद्र यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष मदन प्रसाद चौधरी, माधव जी और डॉ. शशि शेखर झा समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
क्षेत्रीय संगठन प्रभारी अनंत नारायण मिश्रा ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने की बात कही।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की गई। बताया गया कि 5 अक्टूबर को ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत उच्च विद्यालय के बच्चों को सम्मानित करने के साथ लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता भी कराई जाएगी।
वहीं 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन होगा। इसके तहत सभी मंडलों से कार्यकर्ता पटेल मैदान पहुंचेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री के भी शामिल होने की जानकारी दी गई।
बैठक में जिला महामंत्री भैरवानंद झा, अनमोल भगत, जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह, मनोज यादव, मिहिर झा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सभी मंडल अध्यक्ष और मंच-मोर्चा के जिला अध्यक्षों ने भी बैठक में भाग लिया।






