भागलपुर में बड़ा हादसा टला, बियाड़ा घाट पर बिजली के खंभे से टकराया क्रूज; मची अफरा-तफरी

भागलपुर। जिले के बरारी स्थित बियाड़ा घाट पर शनिवार को यात्रियों को लेकर जा रहे एक क्रूज के अस्थायी बिजली के खंभे से टकराने के बाद बड़ा हादसा होते-होते टल गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घाट पर लगाया गया बिजली का खंभा नीचे गिर गया। घटना के बाद घाट पर मौजूद यात्रियों और लोगों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

 

Sponsored Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई। बिजली कटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हादसे में घाट पर लगाए गए साउंड बॉक्स और हैलोजन लाइटों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

 

बताया जा रहा है कि क्रूज को जिस स्थान पर रोकने के लिए निर्धारित किया गया था, वह वहां नहीं रुक पाया और गलत दिशा में पहुंच गया। इसी दौरान गंगा किनारे लगाए गए अस्थायी बिजली के खंभे से क्रूज की टक्कर हो गई। खंभा गिरने के साथ बिजली के तारों को लेकर भी खतरा पैदा हो गया था, जबकि उस समय घाट पर यात्रियों की आवाजाही जारी थी।

 

दरअसल, विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज हटाने का काम चल रहा है, जिसके कारण आवागमन प्रभावित है। ऐसे में गंगा पार करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर बियाड़ा घाट से क्रूज का परिचालन किया जा रहा है। सीमांचल की ओर जाने और वहां से आने वाले यात्रियों की बड़ी संख्या में आवाजाही के कारण घाट पर लगातार भीड़ बनी रहती है।

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय के भी घटनास्थल के लिए रवाना होने की बात सामने आई है। प्रशासन पूरे मामले की स्थिति का जायजा ले रहा है।

 

चश्मदीद दीपक सिंह ने बताया कि क्रूज निर्धारित स्थान पर नहीं रुक सका और गलत दिशा में आने के कारण बिजली के खंभे से टकरा गया। इसके बाद प्रशासन को सूचना देकर तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।

Related Posts

नशा मुक्त कोशी’ अभियान को मिली बड़ी सफलता, एक सप्ताह में 1486 लीटर शराब और 508 किलो गांजा बरामद

सहरसा। कोशी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। आम लोगों से मिल…

संतान की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए महिलाओं ने रखा जिउतिया व्रत, सोन नदी घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कोईलवर। संतान की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना को लेकर माताओं द्वारा रखा जाने वाला जिउतिया व्रत इस वर्ष भी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *