भागलपुर में पहले ही दिन फेरी सेवा की रफ्तार पर सवाल, 12 जहाजों के दावे के बीच यात्रियों का 3-4 जहाज चलने का दावा, करना पड़ रहा लंबा इंतजार

भागलपुर। विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद होने के बाद भागलपुर से जाह्नवी चौक घाट के बीच यात्रियों की आवाजाही के लिए फेरी सेवा शुरू की गई है। जिला प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए 12 जहाजों के परिचालन की बात कही गई थी, लेकिन यात्रियों का दावा है कि गंगा में फिलहाल महज तीन से चार जहाज ही चलते नजर आ रहे हैं। इसका असर घाटों पर लग रही लंबी कतारों और यात्रियों के इंतजार के रूप में दिखाई दे रहा है।

 

Sponsored Advertisement

जाह्नवी चौक घाट पर यात्रियों को घंटों जहाज का इंतजार करना पड़ रहा है। एक दूध विक्रेता ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वह सुबह करीब 9 बजे घाट पहुंच गए थे। जहाज का इंतजार करते-करते दोपहर 12 बज गया और भागलपुर पहुंचते-पहुंचते करीब 2 बज गए। इस दौरान घरों में दूध पहुंचाने में देरी हुई और उनका दूध फट गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

 

दूध विक्रेता ने बताया कि नुकसान के बाद वह दोबारा घाट लौटे और करीब 3:30 बजे से लाइन में खड़े हैं। शाम के 5 बजने को हैं और अब जाकर जहाज पर चढ़ने की उम्मीद नजर आ रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि जितने जहाज चलाने की बात कही गई है, उतने जहाज वास्तव में गंगा में संचालित किए जाएं, ताकि यात्रियों को घंटों इंतजार न करना पड़े।

 

वहीं, एक अन्य यात्री ने भी फेरी सेवा में हो रही देरी को लेकर परेशानी जताई। यात्री के अनुसार वह करीब एक घंटे से लाइन में खड़े हैं। उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से 12 जहाज चलाने की बात कही गई है, लेकिन धरातल पर यात्रियों को अब भी इंतजार और भीड़ का सामना करना पड़ रहा है।

 

यात्रियों का कहना है कि पुल बंद होने के बाद फेरी सेवा ही भागलपुर और जाह्नवी चौक के बीच आवाजाही का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। ऐसे में जहाजों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को राहत मिल सकती है और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों का समय व आर्थिक नुकसान भी कम हो सकता है।

Related Posts

गोपालगंज में 3-4 महीने से एएनएम का वेतन लंबित, बायोमेट्रिक व्यवस्था पर उठे सवाल

गोपालगंज। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली एएनएम (ANM) कर्मियों को पिछले तीन से चार महीने से वेतन नहीं मिलने का मामला सामने…

कुंदन राय पटेल बने जदयू युवा जिला अध्यक्ष, बोले- पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का करूंगा हरसंभव प्रयास

सहरसा। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सहरसा जिला इकाई में नगर निगम वार्ड नंबर 12 के पार्षद प्रतिनिधि कुंदन राय पटेल को युवा जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। नई…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *