
सहरसा। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सहरसा की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सहरसा के सचिव श्री कुद्दुस अंसारी के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम कोशी क्षेत्रीय दिव्यांग, विधवा, वृद्ध कल्याण समिति के डीबी रोड स्थित कार्यालय में हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, विधिक सहायता और सरकार की ओर से उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को बताया गया कि पात्र लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सलाह और सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के संरक्षण, भरण-पोषण तथा उनसे जुड़े अन्य कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में सहायक उपकरणों का निःशुल्क वितरण किया गया। करीब 200 व्हीलचेयर, 100 छड़ियां और 60 एंकलेट समेत विभिन्न प्रकार की सहायक सामग्री लाभुकों को उपलब्ध कराई गई। उपकरण मिलने के बाद वरिष्ठ नागरिकों को दैनिक जीवन में आने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद जताई गई।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और विधिक सेवा से जुड़े लोगों ने वरिष्ठ नागरिकों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की कानूनी परेशानी या अधिकारों के हनन की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर निःशुल्क सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता श्री चंद्र नारायण जायसवाल, आदिल उमर (यूडीसी सहायक), श्री बिनोद कुमार दास, श्री योगेश कुमार और अधिकार मित्र श्री भीम कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उनके सम्मानजनक और सुगम जीवन के लिए उपलब्ध सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई।





