धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जामताड़ा में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस खास अवसर पर जामताड़ा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने धरती आबा के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके साहस और देश की आजादी के लिए दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। विशेष रूप से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनके ऐतिहासिक संघर्ष की चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने बहुत कम उम्र में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंका था और आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए एक नई दिशा प्रदान की थी।
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन केवल आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका संघर्ष, त्याग, साहस और समाज के प्रति समर्पण आज भी हमें अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की सीख देता है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने उनके बताए मार्ग पर चलने, समाज में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा देश और समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
झारखंड स्थापना दिवस के साथ धरती आबा की जयंती के इस अवसर पर एसपी कार्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति का माहौल बना रहा।
संवाददाता : संतोष कुमार, जामताड़ा





