जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत ग्राम गेड़िया के मिर्गीजोड़िया टोला में रविवार को विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई। शिविर का आयोजन प्राधिकार के सचिव पवन कुमार के आदेश एवं मार्गदर्शन में किया गया।
इस दौरान पैरा लीगल वॉलंटियर अमित कुमार सिंह और यदुनाथ सिंह ने ग्रामीणों को बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से बिना किसी शुल्क के कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि न्याय पाना हर नागरिक का अधिकार है और आर्थिक तंगी इसमें बाधा नहीं बननी चाहिए।
शिविर में बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण, नशा उन्मूलन और साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी जागरूक किया गया। वहीं महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कानूनी संरक्षण से जुड़े प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला गया।
इसके अलावा सड़क दुर्घटना में पीड़ितों और उनके आश्रितों को मिलने वाले मुआवजे, दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया, दिव्यांग पेंशन और सहायक उपकरण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
मौके पर नालसा की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 के बारे में भी बताया गया। वॉलंटियरों ने कहा कि जरूरतमंद लोग इस नंबर पर संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना था। मौके पर रवीलाल हेम्ब्रम, आलामुनी मुर्मू, लक्ष्मी कुमारी, सुशील टुडू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
संतोष कुमार, जामताड़ा।





