जामताड़ा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा के तत्वावधान में मंगलवार को नाला प्रखंड स्थित राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय में विधिक साक्षरता क्लब के माध्यम से छात्र-छात्राओं के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नालसा की चाइल्ड-फ्रेंडली लीगल सर्विसेज फॉर चिल्ड्रन स्कीम, 2025 के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों और कानून के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक उत्तम कुमार मंडल ने की। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकार मित्र अमित कुमार सिंह, जयंती दत्ता, प्रेम कुमार सिंह और विद्यालय की शिक्षिका निर्मला टुडू ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकार मित्रों ने छात्र-छात्राओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली नि:शुल्क विधिक सहायता और परामर्श की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि कानूनी समस्या या किसी प्रकार के शोषण की स्थिति में वे उचित प्राधिकार से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस दौरान बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम कानून और पॉक्सो एक्ट से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया गया। वक्ताओं ने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों और संरक्षण से संबंधित प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह, बाल श्रम, शोषण या उत्पीड़न जैसी घटनाओं को लेकर चुप नहीं रहना चाहिए।
कार्यक्रम में स्पॉन्सरशिप स्कीम के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि जरूरतमंद और पात्र बच्चों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाया जा सकता है।
हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों को संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और नालसा की नि:शुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई। बच्चों से कहा गया कि आवश्यकता पड़ने पर इन माध्यमों से सहायता और कानूनी मार्गदर्शन लिया जा सकता है।
विद्यालय की शिक्षिका निर्मला टुडू ने बच्चों को जागरूक नागरिक बनने तथा अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा








