जामताड़ा। जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेगायडीह गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर गांव के तीन बच्चे एक साथ खेल रहे थे। खेलते-खेलते तीनों चिरकुटोला स्थित तालाब की ओर चले गए। इसी दौरान तीनों बच्चे तालाब में डूब गए। बताया गया कि तालाब उनके घर से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
बच्चों के तालाब में डूबने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बच्चों को तालाब से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलने के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
मृतकों की पहचान 5 वर्षीय आर्यन अंसारी, पिता जसीमुद्दीन अंसारी, करीब 6 वर्षीय नासिर अंसारी, पिता तबारक अंसारी और करीब 6 वर्षीय अमर सोहेल, पिता सजाउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही जामताड़ा सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, बीडीओ अबीश्वर मुर्मू और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद मर्माहत करने वाली घटना है। इतनी कम उम्र में तीनों बच्चे दुनिया को ठीक से देख भी नहीं पाए और चले गए। उन्होंने बच्चों के माता-पिता और परिजनों को इस दुख की घड़ी में हिम्मत देने की प्रार्थना की।
एक साथ तीन मासूमों की मौत से चेगायडीह गांव में शोक की लहर है। मृतक बच्चों के घरों पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी है और लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा








