
भागलपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित अजगैविनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गंगा स्नान और छठ पूजा की तैयारियों को लेकर बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं और श्रद्धालु शहर पहुंचे। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के कारण सुल्तानगंज की सड़कों पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही।
सड़क जाम के कारण छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे हो गए कि लोग दो से तीन घंटे तक जाम में फंसे रहे। शहर की सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण स्थानीय पुलिस प्रशासन को भी यातायात व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थिति को देखते हुए सुल्तानगंज थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती कर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास किया। इसके तहत चौक बाजार, कृष्णगढ़ चौक, बाईपास थाना चौक और दिलगौरी चौक पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।
पुलिस बल की सक्रियता के बाद धीरे-धीरे सड़क जाम हटाया गया और वाहनों का परिचालन सामान्य कराने की कोशिश की गई। काफी मशक्कत के बाद जाम में फंसे श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को राहत मिली। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
आपको बता दें कि छठ महापर्व को लेकर सुल्तानगंज के अजगैविनाथ धाम और उत्तरवाहिनी गंगा घाट पर प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है।
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से प्रमुख चौक-चौराहों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं हो।





