लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर जरूरतमंदों की सेवा और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करते हुए सहरसा में स्वच्छता कर्मियों के बीच नए वस्त्रों का वितरण किया गया। शुक्रवार को पूरब बाजार स्थित कॉलेज गेट के समीप आयोजित कार्यक्रम में वार्ड में कार्यरत सभी स्वच्छता कर्मियों को नए कपड़े भेंट किए गए। नए वस्त्र पाकर स्वच्छता कर्मियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस पहल के लिए निगम पार्षदों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर वार्ड संख्या 31 के निगम पार्षद आशीष रंजन सिंह एवं वार्ड संख्या 33 के पार्षद प्रतिनिधि दुर्गाकांत झा ने संयुक्त रूप से स्वच्छता कर्मियों के बीच वस्त्रों का वितरण किया।
कार्यक्रम के दौरान निगम पार्षद आशीष रंजन सिंह ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सेवा करना ही सच्चा परोपकार है। भूखे को अन्न, प्यासे को पानी और अभावग्रस्त लोगों को वस्त्र उपलब्ध कराना मानवता की सेवा के साथ-साथ पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि छठ पर्व केवल धार्मिक आस्था का महापर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और भाईचारे का भी प्रतीक है।
उन्होंने छठ पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा शरीर पंचतत्वों से बना है और इस महापर्व में प्रकृति के प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्य की आराधना की जाती है। छठ पूजा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें समाज के सभी वर्गों के लोग एक घाट पर एक साथ पहुंचकर एक ही देवता की पूजा करते हैं और सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण करते हैं। यह परंपरा सामाजिक एकता और सौहार्द का अनूठा संदेश देती है।
वहीं, नए वस्त्र पाकर स्वच्छता कर्मियों में काफी उत्साह और खुशी देखने को मिली। सभी कर्मियों ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए दोनों जनप्रतिनिधियों के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु जीवन के लिए छठी मैया से प्रार्थना की।





