
रोहतास जिले के डेहरी में एक गणित शिक्षक और उनकी शिष्या के प्रेम विवाह का मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। शिक्षक द्वारा छात्रा के साथ शादी करने के बाद खुद बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और दोनों परिवारों में भी हलचल मची हुई है।
मामला डेहरी स्थित बबलू मैथमेटिक्स कोचिंग सेंटर के शिक्षक बबलू कुमार से जुड़ा बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षक ने अपनी कोचिंग में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ प्रेम विवाह कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों ने घर से निकलकर शादी करने का फैसला किया।
**शादी के बाद खुद बनाया वीडियो**
प्रेम विवाह के बाद शिक्षक ने अपनी पत्नी के साथ एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। वायरल वीडियो में दोनों अपनी मर्जी से शादी करने की बात कह रहे हैं। उनका दावा है कि पहले कोर्ट मैरिज की और इसके बाद मंदिर में पूरे विधि-विधान के साथ विवाह किया।
**दो साल पहले तय हुई थी शादी**
वायरल वीडियो में छात्रा यह दावा करती नजर आ रही है कि करीब दो साल पहले उसके माता-पिता ने शिक्षक बबलू कुमार के साथ ही उसकी शादी तय की थी। हालांकि, बाद में परिजनों ने उसकी शादी कहीं दूसरी जगह तय कर दी। इसके बाद दोनों ने घर से निकलकर शादी करने का फैसला किया।
**शिक्षक पर लगाए जा रहे कई आरोप**
इधर, सोशल मीडिया पर शिक्षक को लेकर कई तरह के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। कुछ लोगों का दावा है कि शिक्षक इससे पहले भी अन्य छात्राओं के साथ प्रेम प्रसंग में रहे हैं और उन्हें धोखा दिया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
**एसपी ने दिए जांच के संकेत**
फिलहाल वायरल वीडियो के बाद डेहरी समेत पूरे इलाके में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों पक्षों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, रोहतास के एसपी मिस्टर राज ने वायरल वीडियो के मामले में जांच करने की बात कही है। अब पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





