भागलपुर। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में सन्हौला मोड़ के पास एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर जा रहे उसका बेटा और एक अन्य महिला घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंटेनर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के तिलकपुर गांव निवासी राकेश पोद्दार की पत्नी वंदना देवी (42 वर्ष) के रूप में हुई है। घायलों में मृतका का पुत्र गुरुदेव पोद्दार और गांव की सुदामा देवी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, वंदना देवी अपने पुत्र गुरुदेव पोद्दार और गांव की एक अन्य महिला सुदामा देवी के साथ गोनूधाम पूजा करने गई थीं। पूजा संपन्न होने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सन्हौला मोड़ के पास पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए।
हादसे में वंदना देवी के सिर में गंभीर चोट लगी। दुर्घटना के बाद मौके से कुछ दूरी पर स्थित पुलिस चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), जगदीशपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने वंदना देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल गुरुदेव पोद्दार और सुदामा देवी का इलाज शुरू किया गया।
इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतका के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। महिला की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था। हालांकि पुलिस ने पीछा कर कुछ दूरी पर कंटेनर को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलने पर जगदीशपुर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और कंटेनर को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






