
पटना से बड़ी खबर है, जहां दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचकर गुरु महाराज के दर्शन किए और नतमस्तक होकर अरदास की। इस दौरान उन्होंने कीर्तन श्रवण किया और गुरु गोबिंद सिंह जी एवं माता साहिब कौर जी के जोड़ा साहिब और शस्त्रों के दर्शन भी किए। तख्त साहिब पहुंचने पर जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी बलदेव सिंह ने उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के तख्त पटना साहिब पहुंचने पर प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। तख्त साहिब प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, महासचिव इंद्रजीत सिंह और उपाध्यक्ष गुरुविंदर सिंह ने उन्हें कृपाण और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इसके बाद उपराज्यपाल को गुरुद्वारा गायघाट के भी दर्शन करवाए गए। इस दौरान उन्होंने तख्त साहिब में चल रही विभिन्न सेवाओं की जानकारी ली। उपराज्यपाल ने लंगर हॉल में पहुंचकर सेवा भी की।
तख्त साहिब प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सरदार तरनजीत सिंह संधू, सरदार तेजा सिंह समुंदरी के परिवार से हैं। उन्होंने कहा कि सरदार तेजा सिंह समुंदरी की कौम के प्रति की गई सेवाओं को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इसी कारण शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने अपने कार्यालय परिसर की इमारत का नाम भी उनके नाम पर रखा है।
उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान दिल्ली के उपराज्यपाल को तख्त साहिब में चल रही सेवाओं और धार्मिक गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस मौके पर तख्त साहिब के सुपरिटेंडेंट दलजीत सिंह, मैनेजर पपिन्दर सिंह, हरजीत सिंह, दलीप सिंह पटेल और लंगर इंचार्ज तेजिंदर सिंह बंटी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।





