समस्तीपुर जिले में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। खानपुर थाना क्षेत्र के करुआ पेट्रोल पंप के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दोनों युवकों के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने बाइक को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, शनिवार को खानपुर थाना के पुअनि अजय कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान करुआ पेट्रोल पंप के पास एक काले रंग की राइडर बाइक, जिसका नंबर BR33BT4395 है, पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर निवासी छोटू कुमार, उम्र 26 वर्ष, पिता वासुदेव राय और रौशन कुमार उर्फ मुन्ना, उम्र 20 वर्ष, पिता स्वर्गीय राजकुमार राय के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, हथियार बरामदगी के मामले में खानपुर थाना में कांड संख्या 222/26 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, गिरफ्तार आरोपी रौशन कुमार उर्फ मुन्ना का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास बताया गया है। उसके खिलाफ मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 15/23 दर्ज है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद हथियार और कारतूस उनके पास कहां से आए थे तथा इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।





