सासाराम से बड़ी खबर है, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पुलिस की वर्दी पहनकर ट्रक चालकों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह का रोहतास पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, नकली पिस्तौल, पुलिस की वर्दी समेत कई सामान बरामद किए गए हैं।
मामला रोहतास जिले के एनएच-19 पर रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप का है। पुलिस के अनुसार, रविवार की रात गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग पुलिस की वर्दी पहनकर ट्रकों को रोक रहे हैं और पुलिस एवं परिवहन विभाग के नाम पर चालकों से जबरन पैसे की वसूली कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम का गठन कर मौके पर छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान पांचों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का एक सदस्य रजनीश कुमार दरोगा की पूरी वर्दी में था, जबकि दूसरा बिहार पुलिस कमांडो की वर्दी में था। तीन अन्य आरोपी सामान्य कपड़ों में मौजूद थे।
पूछताछ के दौरान रजनीश कुमार ने खुद को वर्ष 2017 बैच का दरोगा बताया। हालांकि, उसकी वर्दी के पहनावे और जवाब पर पुलिस को शक हुआ। आईडी कार्ड मांगने पर कार्ड फर्जी पाया गया। इसके बाद पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक काले रंग की नकली पिस्तौल, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक चारपहिया वाहन, दो नंबर प्लेट, एक फुल मंकी मास्क और पुलिस लिखा बोर्ड समेत अन्य सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रवीण सिंह, इसरार आलम, रजनीश कुमार, दिवाकर कुमार सिंह और वीरेंद्र कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इसरार आलम और दिवाकर कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पूर्व में हुई ऐसी घटनाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





