पलामू। जिले में पुलिस ने अंतरजिला चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 45 ग्राम सोना, माला और लॉकेट सहित लगभग 80 ग्राम सोने जैसे आभूषण तथा करीब 7.8 किलोग्राम चांदी जैसे आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा दरवाजा और खिड़की काटने में इस्तेमाल होने वाले कई औजार भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण मोदी उर्फ लक्ष्मण खेरवार, उम्र करीब 49 वर्ष, निवासी बड़ा अमदा, सरायकेला-खरसावां, वर्तमान पता डालमियानगर, डेहरी; प्रमोद सोनी, निवासी डालमियानगर, डेहरी; अरविंद खेरवार, निवासी मथुरापुर, डेहरी; राजू कुमार, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी रोमी, हजारीबाग और राज कुमार, उम्र करीब 21 वर्ष, निवासी रोमी, हजारीबाग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से पिलास, सब्बल, पगहा, टांगी, दाब और मुलेल समेत चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले सामान बरामद किए हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई को पलामू पुलिस की अंतरजिला अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। पुलिस अब बरामद आभूषणों और सामानों के संबंध में अलग-अलग चोरी की घटनाओं से कनेक्शन की जांच कर रही है।
छापामारी दल में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव, प्रोबेशनर पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय गोप, शहर थाना के प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, अहातू थाना प्रभारी रितेश लकड़ा, क्राइम कंट्रोल विंग के पुलिस अवर निरीक्षक बालकृष्णा और संतोष कुमार गुप्ता, शहर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक सुबोध कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।
संवाददाता — सत्यम शुक्ला





