सहरसा।
17 बिहार बटालियन एनसीसी के मधेपुरा कॉलेज, मधेपुरा के एनसीसी कैडेटों द्वारा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को नशा उन्मूलन जागरूकता रैली निकाली गई। कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. पूनम कुमारी और एनसीसी पदाधिकारी मेजर डॉ. गौतम कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली मधेपुरा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वापस महाविद्यालय परिसर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. पूनम कुमारी ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना समाज के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य और समाज की रीढ़ होते हैं। ऐसे में युवाओं का नशे की गिरफ्त में आना व्यक्ति के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि शराब, तंबाकू या अन्य नशीले पदार्थ स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताई।
वहीं एनसीसी पदाधिकारी मेजर डॉ. गौतम कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रभावित करता है तथा परिवार और आने वाली पीढ़ी के भविष्य पर भी असर डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे को दृढ़ता से ना कहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश और समाज को युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक सोच की जरूरत है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्त जीवन जीने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। रैली के माध्यम से एनसीसी कैडेटों ने समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सीनियर अंडर ऑफिसर विकास कुमार, अंडर ऑफिसर भवेश गिरी, अभिषेक कुमार, प्रीति कुमारी, गौरव कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







