धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मरिचो पंचायत स्थित भोलमारा गांव में देर शाम जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। करीब 25 से 26 हाथियों के झुंड ने गांव के आसपास खेतों में लगी धान की तैयार फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया। इसके बाद हाथियों का झुंड गांव के अंदर पहुंच गया और एक घर की दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, देर शाम जंगल की ओर से करीब 25 से 26 जंगली हाथियों का झुंड भोलमारा गांव की तरफ आया। सबसे पहले हाथियों ने गांव के किनारे खेतों में लगी धान की तैयार फसल को रौंद दिया। देखते ही देखते कई किसानों की महीनों की मेहनत बर्बाद हो गई। फसल को नुकसान पहुंचाने के बाद हाथियों का झुंड गांव के अंदर घुस आया।
इसी दौरान हाथियों ने मरिचो पंचायत के पूर्व मुखिया स्वर्गीय प्रभु झांझी के घर को निशाना बनाया। हाथियों ने घर की दीवार तोड़ दी। हालांकि, गनीमत रही कि घर में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल गए। इससे किसी तरह की बड़ी अनहोनी टल गई।
घर को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर मशाल जलाई और काफी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को गांव से बाहर जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बावजूद ग्रामीणों का डर खत्म नहीं हुआ है।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भोलमारा गांव पहुंची और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड अभी भी गांव के आसपास के जंगल में मौजूद है। यही वजह है कि ग्रामीण रातभर रतजगा कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के झुंड को जल्द से जल्द गांव से दूर जंगल की ओर खदेड़ने और फसल व मकान को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है।






