
जामताड़ा। जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत फतेहपुर गांव के निमडंगाल टोला में भारी बारिश के कारण एक गरीब परिवार का मिट्टी का मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल पीड़ित परिवार रिश्तेदार के घर में शरण लेकर रहने को मजबूर है।
मामले को लेकर फतेहपुर निवासी जितेंद्र दास, पिता जोगेंद्र दास ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, फतेहपुर को आवेदन देकर सहायता की गुहार लगाई है। आवेदन में जितेंद्र दास ने बताया कि 25 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे तेज बारिश के दौरान उनका दो कमरे का मिट्टी का मकान अचानक ढह गया। मकान गिरने के बाद परिवार के पास रहने के लिए अपना कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार का हाल जाना और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आवास योजना का लाभ दिलाने की बात कही।
मनोज गोस्वामी ने कहा कि गरीब परिवार का घर बरसात में ढह जाना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि प्रशासन से बात कर जल्द से जल्द आवास योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही जरूरत के अनुसार हर संभव मदद पहुंचाने की भी कोशिश की जाएगी।
पीड़ित जितेंद्र दास ने बताया कि मकान गिरने के बाद वह अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के घर में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द स्थल का सर्वे कराकर नए मकान की व्यवस्था कराने और सरकारी आवास योजना का लाभ देने की मांग की है।
अब पीड़ित परिवार की नजर प्रशासन की पहल पर टिकी है, ताकि उन्हें जल्द स्थायी आवास मिल सके और परिवार सुरक्षित तरीके से रह सके।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा





