
सहरसा। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 में जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए नाला निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों और वार्ड पार्षद ने नगर आयुक्त को आवेदन देकर उचित कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 34 की पार्षद सिंकु सिंह की ओर से जलजमाव की समस्या को देखते हुए नाला निर्माण कराया जा रहा है। इसी निर्माण कार्य को लेकर पूर्व वार्ड पार्षद एवं नगर परिषद उपाध्यक्ष रंजना सिंह, पति संजय कुमार सिंह की ओर से आपत्ति जताए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर आयुक्त को आवेदन देकर मामले का समाधान कराने की मांग की है।
नगर आयुक्त को दिए आवेदन में स्थानीय लोगों ने बताया कि पुरानी जेल के निकट वार्ड नंबर 34 में उन्होंने जमीन खरीदी है। इसमें सड़क और नाला जैसी नागरिक सुविधाओं के लिए करीब 20 फीट चौड़ी जगह छोड़ी गई है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जलजमाव की समस्या को देखते हुए जल्द से जल्द नाला निर्माण जरूरी है, ताकि भविष्य में जल निकासी की समस्या उत्पन्न न हो।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, वार्ड पार्षद से कई बार नाला निर्माण कराने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद नाला निर्माण का कार्य शुरू किया गया, लेकिन पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष द्वारा इसे निजी जमीन बताते हुए निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किए जाने की बात कही गई है।
मामले को लेकर नगर आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों की समस्या और प्राप्त आवेदन को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण कराने का आश्वासन दिया है। नगर आयुक्त ने कहा कि जांच के दौरान यदि यह पाया जाता है कि पूर्व में नगर परिषद की ओर से सड़क और नाला का निर्माण कराया गया था, तो स्थिति को देखते हुए दोबारा नाला निर्माण की स्वीकृति देने पर विचार किया जाएगा।
इस मौके पर अनिल कुमार यादुका, अरुण कुमार यादुका, राजेश कुमार पचेरिया, विकास कुमार, लक्ष्मी देवी, मुकेश अग्रवाल, राखी कुमारी, मोना अग्रवाल, अंकित कुमार तुलसियान, मधु पंसारी, आशीष कुमार, गोपाल दहलान, विक्रम कुमार, अंजलि यादूका, सुनीता देवी सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।






