
नालंदा जिले में कर्मा पूजा के दिन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में डूबने की तीन दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में एक सात वर्षीय बच्ची, 42 वर्षीय महिला और 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है।
पहली घटना रहुई थाना क्षेत्र के बसानपुर और कुवरडीह गांव के बीच स्थित गोइठवा नदी की है। बताया गया कि कर्मा पूजा को लेकर बसानपुर गांव की 42 वर्षीय राधा देवी और कुवरडीह गांव की सात वर्षीय नंदनी नदी में स्नान करने गई थीं। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
वहीं, दूसरी घटना नगरनौसा थाना क्षेत्र के बल्धा गांव में सामने आई। यहां 19 वर्षीय दिलखुश कुमार कर्मा पूजा के लिए तालाब से मिट्टी लाने गया था। परिजनों के अनुसार, दिलखुश की बहन ने अपने भाई की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर कर्मा पूजा का व्रत रखा था। पूजा के लिए मूर्ति बनाने के उद्देश्य से मिट्टी लाने के दौरान दिलखुश का पैर फिसल गया और वह तालाब के गहरे पानी में जा गिरा। डूबने के कारण उसकी मौत हो गई।
तीनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। इन हादसों के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कर्मा पूजा के दिन हुई इन घटनाओं से इलाके में भी शोक का माहौल है।





