भागलपुर में युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस का “स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर” अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत बरारी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 13.65 ग्राम ब्राउन शुगर, 55 पुड़ियों में बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि बड़ी खंजरपुर इलाके में रामविचार यादव अपने घर से कथित तौर पर अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में टीम गठित की गई। संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और बरारी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम जब रामविचार यादव के घर पहुंची तो पुलिस को देखकर वह भागने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3.65 ग्राम ब्राउन शुगर 18 पुड़ियों में बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने रामविचार यादव की निशानदेही पर बरारी के बनिया टोली लेन निवासी कैलाश यादव के घर पर भी छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान कैलाश यादव के घर से 10 ग्राम ब्राउन शुगर 37 पुड़ियों में बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों के संभावित हॉट-स्पॉट को चिन्हित कर लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है या नहीं। मामले की जांच के आधार पर आगे और कार्रवाई की जा सकती है।





