सासाराम। रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के रमनडीहरा गांव में कर्मा-धर्मा झूर विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नहर में तीन बच्चियां डूब गईं। ग्रामीणों की तत्परता से दो बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 14 वर्षीय एक बच्ची की डूबने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह विद्यालय के समीप नहर पुल पर कर्मा-धर्मा झूर विसर्जन के लिए गांव की कुछ बच्चियां पहुंची थीं। विसर्जन के दौरान तीन बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। बच्चियों को डूबता देखकर अन्य लड़कियों ने शोर मचाया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नहर में कूदकर बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दो बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, एक बच्ची को बचाया नहीं जा सका।
मृत बच्ची की पहचान रमनडीहरा गांव निवासी सुनील सिंह की 14 वर्षीय पुत्री गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बिक्रमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया है। पुलिस की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।





