पटना: बिहार में नकली, एक्सपायर्ड और अवैध दवाओं के कारोबार पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने 25 और 26 नवंबर को पटना, भागलपुर, मधुबनी, गयाजी और समस्तीपुर में दवा दुकानों और गोदामों पर सघन छापेमारी की। इस दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कहीं एक्सपायर्ड दवाएं मिलीं, तो कहीं बिना लाइसेंस के मेडिकल दुकानें संचालित होती पाई गईं।
पटना में गोदाम सील, दवाओं की बिक्री पर रोक
राजधानी पटना के गोविंद मित्रा रोड स्थित सात दवा प्रतिष्ठानों की जांच में खरीद-बिक्री और भंडारण से जुड़ी गड़बड़ियां मिलीं। एक वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूटर से एक्सपायर्ड दवाओं की 11 स्ट्रिप जब्त की गईं और 12 दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई गई। वहीं, लाइसेंस नहीं दिखाने पर एक गोदाम को सील कर दिया गया। जीएम रोड के ड्रग हाउस से 315 स्ट्रिप संदिग्ध दवाएं जब्त की गईं। इसके अलावा एक्सपायर्ड इंजेक्शन और गलत लेबल वाली दवाएं भी बरामद हुईं।
मधुबनी में एक लाख से अधिक की दवाएं जब्त
मधुबनी के बुद्ध नगर कॉलोनी स्थित भूषण मेडिकल हॉल बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रहा था। यहां से 40 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं, जिनकी कीमत एक लाख चार हजार रुपये से अधिक बताई गई है।
भागलपुर, समस्तीपुर और गयाजी में भी कार्रवाई
भागलपुर के नाथनगर में शंकर मेडिकल हॉल बिना लाइसेंस के चलता मिला। वहीं, गोराडीह के दीपक मेडिकल हॉल में भी अनियमितताएं पाई गईं। समस्तीपुर और गयाजी में भी दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित गड़बड़ियां सामने आईं। गयाजी में सरेंडर किए गए लाइसेंस पर कारोबार होता मिला।
29 दवाओं के लिए गए नमूने
पूरे अभियान में पांच जिलों से गुणवत्ता जांच के लिए 29 दवाओं के नमूने लिए गए। वहीं, चार प्रतिष्ठानों से कुल एक लाख 41 हजार 56 रुपये से अधिक मूल्य की संदिग्ध और एक्सपायर्ड दवाएं जब्त की गईं।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनियमितता बरतने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के लिए छापेमारी और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।






