पटना। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पीपरा कोठी में 17 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित वाटर पार्क निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जिला प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि किसानों की करीब 300 करोड़ रुपये बाजार मूल्य वाली जमीन पर कब्जा कर वाटर पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। इस मामले में उन्होंने बीजेपी के एक स्थानीय नेता की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
निर्माण स्थल का लाइव वीडियो दिखाया
सुधाकर सिंह ने निर्माण स्थल का लाइव वीडियो दिखाकर प्रशासन के दावों को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि जब किसानों ने अपनी जमीन पर कथित कब्जे का विरोध किया तो उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज करा दिया गया। सांसद ने दावा किया कि उन पर हत्या की कोशिश और पॉकेटमारी जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।
आरटीआई के जवाब ने बढ़ाए सवाल
सांसद ने सूचना के अधिकार यानी आरटीआई से जिलाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी का हवाला दिया। उनके मुताबिक, प्रशासन ने लिखित जवाब में स्पष्ट किया है कि पीपरा कोठी में वाटर पार्क निर्माण की कोई योजना पंचायत समिति, ग्राम पंचायत या राज्य सरकार की योजनाओं में शामिल नहीं है। प्रशासन ने वहां वाटर पार्क निर्माण से भी इनकार किया है।
ऐसे में सुधाकर सिंह ने सवाल उठाया कि जब सरकार और प्रशासन किसी निर्माण से इनकार कर रहे हैं, तो फिर जमीन पर निर्माण कार्य कौन करा रहा है और किसके आदेश पर कराया जा रहा है?
हाईकोर्ट में दिए गए बयान पर सवाल
आरजेडी सांसद ने हाईकोर्ट में सरकार की ओर से रखे गए पक्ष पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि अदालत में जमीन पर निर्माण नहीं होने और सरकार का कब्जा नहीं होने की बात कही गई। ऐसे में जमीन पर चल रहे कथित निर्माण की जिम्मेदारी किसकी है?
सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पूरे मामले में जवाब मांगा है। उन्होंने दावा किया कि मोतिहारी के अलावा नवादा और बांका में भी इसी तरह का अवैध धंधा चल रहा है।
फिलहाल इस मामले में सांसद के आरोपों और प्रशासन के आरटीआई जवाब के बीच विरोधाभास सामने आया है। अब देखना होगा कि सरकार इस विवाद पर क्या सफाई देती है और किसानों की जमीन को लेकर क्या कार्रवाई होती है।





