गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन महासेतु का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जब मीडिया ने सवाल पूछा तो उन्होंने हाथ जोड़ लिए और बिना कोई जवाब दिए वहां से आगे बढ़ गए। उनके इस अंदाज ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया है। वहीं, सामने आई तस्वीरों में भी उनकी नाराजगी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
दरअसल, बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित बनघारा गांव पहुंचे थे। यहां वे संतोष कुमार कुशवाहा के पिता के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने दिवंगत की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाते हुए दुख की इस घड़ी में साथ रहने की बात कही।
इस मौके पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, राजापाकर विधायक महेंद्र राम समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर गांव में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुटे थे।
**मीडिया के सवाल पर जोड़े हाथ**
श्राद्ध कार्यक्रम से निकलते समय पत्रकारों ने नीतीश कुमार से पूछा कि पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली के बिदुपुर तक बने सिक्सलेन महासेतु का नाम उनके नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है, इस पर उनकी क्या प्रतिक्रिया है? सवाल सुनते ही वे कुछ देर रुके, हाथ जोड़कर नमस्कार किया और बिना कुछ बोले आगे बढ़ गए। उनके साथ मौजूद नेताओं ने भी इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
**21 नवंबर को पीएम करेंगे उद्घाटन**
गौरतलब है कि करीब 4,988 करोड़ रुपये की लागत से बने इस महासेतु की कुल लंबाई लगभग 19.76 किलोमीटर है। इसमें गंगा नदी पर मुख्य पुल करीब 9.76 किलोमीटर लंबा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 21 नवंबर को इसका उद्घाटन प्रस्तावित है। पुल शुरू होने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा। खासकर राघोपुर दियारा के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।






