सारण: बिहार के सारण जिले के लिए विकास की बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद जगी है। अब मांझी से डुमाईगढ़ घाट तक मरीन ड्राइव बनाने की योजना सामने आई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मांझी के ऐतिहासिक रामघाट पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद इलाके के लोगों में विकास, पर्यटन और रोजगार को लेकर नई उम्मीद जगी है।
दरअसल, गुरुवार को मांझी प्रखंड स्थित रामघाट पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नमामि गंगे परियोजना के तहत करीब 8 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित श्रीराम अटल घाट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 16 फीट ऊंची प्रतिमा का भी अनावरण किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मांझी से डुमाईगढ़ घाट तक मरीन ड्राइव बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही श्रीराम अटल घाट का विस्तार जयप्रभा सेतु तक करने की बात भी कही। यदि यह परियोजना धरातल पर उतरती है तो गंगा और सरयू नदी के तटीय इलाके की खूबसूरती बढ़ने के साथ क्षेत्र के विकास को भी नई रफ्तार मिल सकती है।
मांझी का रामघाट धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण है। खासकर छठ महापर्व के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मरीन ड्राइव बनने से घाटों तक पहुंचना आसान होगा और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। इससे स्थानीय कारोबार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने रामघाट पर एसडीआरएफ की टीम की स्थायी तैनाती तथा कृषि योग्य भूमि से जल निकासी की व्यवस्था करने की भी घोषणा की। वहीं, प्रत्येक वर्ष 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाने का ऐलान किया।
इस मौके पर सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल, विधायक रणधीर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और एनडीए के नेता मौजूद रहे।
फिलहाल मांझी से डुमाईगढ़ तक मरीन ड्राइव की घोषणा ने सारण के विकास को लेकर नई उम्मीदें जगा दी हैं। हालांकि, अब लोगों की निगाहें इस परियोजना की विस्तृत योजना, बजट और निर्माण कार्य शुरू होने की तारीख पर टिकी हैं।





