अरवल: बिहार के अरवल जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। कुर्था थाना क्षेत्र के ढोढ़रा मोड़ के समीप हथियारबंद बदमाशों ने आभूषण कारोबारी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय मनोज सेठ के रूप में हुई है, जो मुबारकपुर गांव के निवासी थे। वहीं, घायल की पहचान 63 वर्षीय राधाकृष्ण के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मनोज सेठ अपनी दुकान बंद करने के बाद इलेक्ट्रिक तीन पहिया वाहन से घर लौट रहे थे। उनके साथ राधाकृष्ण भी मौजूद थे। इसी दौरान ढोढ़रा मोड़ के समीप पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने अचानक दोनों पर फायरिंग शुरू कर दी।
इस हमले में मनोज सेठ को छह गोलियां लगीं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, राधाकृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया, जबकि घायल को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर वाहन जांच अभियान तेज कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मनोज सेठ पर इससे पहले भी अज्ञात बदमाश जानलेवा हमला कर चुके थे। यह तीसरी बार था, जब उन्हें निशाना बनाया गया। ऐसे में पुलिस पुराने हमलों को भी इस वारदात से जोड़कर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर बल तैनात किया गया है और एफएसएल की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी और पूरे मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।






