पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे मनेर में शुक्रवार की सुबह पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। शेरपुर गंगा घाट के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने तीन अपराधियों को मार गिराया। मारे गए अपराधियों की पहचान राजा शर्मा, बबलू कुमार और जेपी यादव के रूप में हुई है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए।
पटना एसएसपी कार्तिकेय कुमार शर्मा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि पटना एसटीएफ और स्थानीय पुलिस को सूचना मिली थी कि शेरपुर गांव में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए जुटे हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ और मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। करीब 20 मिनट तक दोनों ओर से फायरिंग होती रही।
एसएसपी के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े चार बजे हुई इस मुठभेड़ में अपराधियों की तरफ से 24 से 25 राउंड और पुलिस की ओर से आत्मरक्षा में 18 राउंड गोलियां चलाई गईं। गोली लगने से तीनों अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से एक देशी पिस्तौल और दो देसी कट्टे बरामद किए गए हैं।
वहीं, मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के बाजू में भी गोली लगी है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटनास्थल पर दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा और एफएसएल की टीम पहुंचकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, तीनों अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। ये 19 अक्टूबर को ब्यापुर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश में अपराधियों ने संजीत कुमार और प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार पर फायरिंग की थी। इस हमले में संजीत कुमार की मौत हो गई थी, जबकि पिंटू कुमार घायल हुए थे।
इस हत्याकांड के बाद से ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस कार्रवाई के लिए पहुंची, जहां मुठभेड़ हो गई।






