बिहार के भोजपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पूर्व कस्टम अधिकारी और राजपूत नेता रामकुमार सिंह हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटर पवन यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया है। धोबहां के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें जवाबी कार्रवाई के दौरान पवन यादव के पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वीओ: दरअसल, पूरा मामला भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबहां के समीप का है। जहां शुक्रवार को पुलिस टीम रामकुमार सिंह हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटर पवन यादव की तलाश में कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने उसे घेर लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही पवन यादव ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी के दौरान पुलिस की गोली पवन यादव के पैर में लग गई। गोली लगने से वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लिया और तत्काल इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घायल अपराधी पवन यादव नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है।
आपको बता दें कि पूर्व कस्टम अधिकारी और राजपूत नेता रामकुमार सिंह की हत्या में बाइक सवार तीन शूटर शामिल थे। इनमें पवन यादव को मुख्य शूटर बताया जा रहा है। आरोप है कि रामकुमार सिंह पर सबसे पहले गोली उसी ने चलाई थी। इस हत्याकांड के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
फिलहाल, पवन यादव के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने को हत्याकांड की जांच में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर इस हत्याकांड में शामिल अन्य शूटरों और साजिशकर्ताओं की पहचान करने के साथ उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।






