जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड में ग्रामीण सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना वर्ष 2024-25 के तहत कालीपाथर मोड़ से सुगुनीबासा गांव तक बनने वाली 1.350 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने शिलापट्ट का अनावरण कर एवं नारियल फोड़कर विधिवत शिलान्यास किया।
इस सड़क के निर्माण से सुगुनीबासा सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। खासकर बरसात के दिनों में कच्ची सड़क और कीचड़ के कारण ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। सड़क बनने के बाद बच्चों को स्कूल आने-जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में आसानी होगी।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि नाला विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास की रीढ़ होती हैं। जब गांवों में बेहतर सड़कें पहुंचेंगी, तभी वहां विकास की गति तेज होगी।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए संकल्पित है। कुंडहित प्रखंड सहित पूरे नाला विधानसभा क्षेत्र में प्रत्येक गांव को पक्की सड़क से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में क्षेत्र में कई अन्य सड़कों का भी शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा।
सुगुनीबासा गांव का जिक्र करते हुए उन्होंने विशेष खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक गांव है, जहां अधिकांश लोग शिक्षित हैं। गांव के कई लोग बाहर सरकारी नौकरी और निजी कंपनियों में अच्छे पदों पर कार्यरत हैं। ऐसे गांव के लिए बेहतर सड़क का निर्माण बेहद जरूरी था।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सड़क निर्माण की पहल से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
**लोकेशन – जामताड़ा**
**रिपोर्ट – संतोष कुमार**







