पलामू। झारखंड के पलामू जिले में बैंक से पैसे निकालकर घर जा रही महिला से चार लाख रुपये की छिनतई के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर छिनतई किए गए पूरे चार लाख रुपये भी बरामद कर लिए हैं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले का उद्भेदन करने का दावा किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ललिता देवी, पति भोला साव, निवासी सलतुआ, थाना चैनपुर, जिला पलामू ने शहर थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वह पंजाब एंड सिंध बैंक से चार लाख रुपये निकालकर जा रही थीं। इसी दौरान शिवाजी मैदान जाने वाले रास्ते में एक गली के पास अज्ञात अपराधियों ने उनसे रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर थाना कांड संख्या 412/26, दिनांक 04 नवंबर 2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य अनुसंधान के आधार पर छापेमारी शुरू की।
इसी क्रम में 06 नवंबर 2026 को पुलिस ने हैदर अंसारी (करीब 25 वर्ष), पिता निजाम अंसारी, निवासी कुदागा खुर्द, पंचायत बंदुआ, पोस्ट सेमरा, थाना चैनपुर, जिला पलामू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही पर छिनतई किए गए पूरे चार लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस छापेमारी दल में शहर थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक श्रीराम शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल यादव तथा शहर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से छिनतई के मामले का खुलासा हुआ है और पीड़ित महिला की पूरी रकम बरामद कर ली गई है।
लोकेशन – पलामू, झारखंड
संवाददाता – सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट






