जामताड़ा धनतेरस के पावन अवसर पर शुक्रवार को जामताड़ा जिले के बाजारों में खरीदारी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जामताड़ा शहर से लेकर नाला, कुंडहित, मिहिजाम और करमाटांड़ तक के बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के लिए लोग परिवार के साथ बाजार पहुंचे। पूरे दिन बाजारों में चहल-पहल बनी रही।
धनतेरस के अवसर पर सोना-चांदी, बर्तन, झाड़ू, नमक, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की जमकर खरीदारी हुई। वहीं घरों और दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाने के लिए रंग-बिरंगी लाइटें, झालर, दीये, मोमबत्तियां, फूलों की मालाएं और अन्य सजावटी सामानों की भी खूब बिक्री हुई। इस बार लाइट, अलंकार और हार्डवेयर दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिली।
हार्डवेयर दुकानों में घरों की मरम्मत, रंग-रोगन और बिजली फिटिंग से जुड़े सामानों की खरीदारी के लिए लोग पहुंचे। बल्ब, तार, स्विच, पेंट और अन्य जरूरी सामानों की बिक्री ने दुकानदारों के चेहरे पर खुशी ला दी। वहीं बर्तन दुकानों में स्टील के बर्तन, पीतल के दीये और पारंपरिक सामानों की मांग बनी रही। लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और आकर्षक सजावटी वस्तुएं भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
दुकानदारों के अनुसार इस वर्ष धनतेरस पर ग्राहकी अच्छी रही। बाजारों में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कई दुकानों में विशेष छूट और नई डिजाइन के सामान उपलब्ध कराए गए थे।
ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे। खरीदारों का कहना था कि धनतेरस पर नई वस्तुओं की खरीदारी करना शुभ माना जाता है, इसलिए त्योहार से जुड़ी जरूरी वस्तुओं के साथ घर की सजावट का सामान भी खरीदा गया।
त्योहार के मद्देनजर बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की गश्त भी बढ़ाई गई, ताकि भीड़ के बीच खरीदारी करने पहुंचे लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। कुल मिलाकर धनतेरस पर जामताड़ा जिले के बाजारों में रौनक रही और कारोबारियों में भी अच्छा कारोबार होने की उम्मीद से उत्साह दिखा।
**संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा।**







