भोजपुर जिले के कोईलवर में कोईलवर-डोरीगंज फोरलेन पर तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसा गुरुवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे महम्मदपुर गांव के समीप हुआ। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया, जिससे फोरलेन पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी रही।
मृतक की पहचान कोईलवर थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी रामप्यारे लाल के 40 वर्षीय पुत्र विजय पासवान उर्फ तोप पासवान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विजय पासवान चनपुरा गांव में मजदूरी करने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महम्मदपुर गांव के समीप कोईलवर की ओर से छपरा जा रहा बालू लदा एक तेज रफ्तार ट्रक आगे चल रहे दूसरे ट्रक को ओवरटेक करने लगा।
ओवरटेक करने के दौरान साइकिल सवार विजय पासवान ट्रक की चपेट में आ गए। वह सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में जुट गए। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मजदूर की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने कोईलवर-डोरीगंज फोरलेन को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलने पर कोईलवर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस हादसे में शामिल ट्रक और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि फोरलेन पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और ओवरटेक के दौरान यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
समाचार लिखे जाने तक आक्रोशित ग्रामीण मृतक के शव के साथ सड़क पर बैठे हुए थे। फोरलेन पर यातायात बाधित था।





