जामताड़ा। समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से फतेहपुर प्रखंड के पालोजोड़ी गांव में नालसा का मेगा अभियान शुरू किया गया है। नालसा एवं झालसा के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा के तत्वावधान में चल रहा यह विशेष अभियान 16 नवंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक जारी रहेगा। इसके तहत नालसा की 13 जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र लोगों को जोड़ने की पहल की जा रही है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुज कुमार और प्राधिकार के सचिव पवन कुमार के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में गरीब परिवारों, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के जरूरतमंद लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। उन्हें सामाजिक सुरक्षा, कानूनी सहायता, पुनर्वास, शिक्षा और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
घर-घर जाकर समस्याएं सुन रहे अधिकार मित्र
अभियान के तहत अधिकार मित्र घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों की व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याएं सुन रहे हैं। विशेष रूप से ऐसे असहाय परिवारों की पहचान की जा रही है, जो जानकारी या आर्थिक अभाव के कारण सरकारी योजनाओं और कानूनी सहायता से वंचित हैं।
इसके अलावा विचाराधीन कैदियों और बंदियों के कानूनी अधिकारों की जानकारी भी दी जा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक तंगी के कारण न्याय से वंचित न रहे।
अधिकार मित्र अमित कुमार मिश्रा, राजेश दत्त और सुमन टुडू ने ग्रामीणों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, बच्चों की सुरक्षा, बाल विवाह रोकथाम और स्पॉन्सरशिप योजना की जानकारी दी।
साथ ही निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 15100 साझा किया गया। किसी भी कानूनी समस्या या सरकारी योजना का लाभ नहीं मिलने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा से संपर्क करने की अपील की गई।





