
सहरसा। शहर के पटेल मैदान में लगने वाले प्रसिद्ध रक्तकाली चौंसठ महायोगिनी मेले के डाक की प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। इस बार मेले का डाक 1 करोड़ 72 लाख रुपये में हुआ है। समस्तीपुर के संवेदक संजय कुमार ने सबसे ऊंची बोली लगाकर लगातार दूसरी बार मेले का ठेका अपने नाम किया। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार डाक की राशि में करीब 75 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
जिला विकास भवन में डीडीसी गौरव कुमार की अध्यक्षता में डाक की प्रक्रिया संपन्न हुई। मौके पर सदर एसडीएम श्रेयांश तिवारी और नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सदर एसडीएम ने बताया कि पिछले वर्ष मेले का डाक 96 लाख 51 हजार रुपये में हुआ था।
इस बार 23 नवंबर को आयोजित डाक प्रक्रिया में छह संवेदकों ने हिस्सा लिया। बोली की शुरुआत पिछले वर्ष की राशि से हुई। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद समस्तीपुर के संजय कुमार ने 1 करोड़ 72 लाख रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाई और ठेका हासिल कर लिया।
पटेल मैदान में चौंसठ महायोगिनी मेला 1 दिसंबर 2026 से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक चलेगा। मेले में दुकान, झूले और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों के लिए संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य होगा। भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
संवेदक संजय कुमार ने बताया कि इस बार मेले को खास आकर्षण देने की तैयारी है। पिछले वर्ष लोगों के बीच वैष्णो देवी की गुफा आकर्षण का केंद्र रही थी। इस बार श्रद्धालुओं और दर्शकों को चार धाम यात्रा का जीवंत अनुभव कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा मौत का कुआं और बच्चों के लिए आकर्षक झूले भी लगाए जाएंगे।
मेले को पहले से अधिक मनोरंजक और आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है। दिसंबर से जनवरी तक चलने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।






