
जहानाबाद। राजद के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रविवार को जहानाबाद के इमलिया चक पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत राजद विधायक डॉ. सच्चिदानंद यादव के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। तेजस्वी यादव ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा राजद परिवार उनके साथ खड़ा है।
तेजस्वी यादव ने दिवंगत विधायक के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद यादव ने अपने क्षेत्र और समाज के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके निधन से पार्टी और समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
परिजनों से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भी अपनी बात रखी। जदयू को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जदयू को हाईजैक कर लिया है। उन्होंने कहा कि अब जदयू कुछ ही लोगों तक सिमटकर रह गई है। बिहार की जनता राजनीतिक घटनाक्रम को देख और समझ रही है।
वहीं, एमएलसी चुनाव में कांग्रेस की ओर से अलग उम्मीदवार उतारे जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि इसका महागठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और सभी दल मिलकर मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी एकता को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं है।
तेजस्वी यादव के इमलिया चक पहुंचने की जानकारी मिलते ही स्थानीय राजद नेता और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत विधायक के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई।





