भागलपुर: औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र के बरारी पंचायत स्थित वार्ड नंबर-04 के जियाउद्दीनपुर चौका में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से एक घर में भीषण आग लग गई। हादसे में अरविंद ठाकुर के घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन, फर्नीचर समेत पूरी गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी गैस सिलेंडर तक पहुंच गई। इसके बाद सिलेंडर में आग लगने से तेज आवाज के साथ घर में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने घर के अन्य हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घर से निकलती आग की तेज लपटों को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना दमकल विभाग और औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक घर के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।
पीड़ित अरविंद ठाकुर ने बताया कि आग की इस घटना में करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया है। उन्होंने बताया कि घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान आग की चपेट में आ गया। अगलगी के बाद परिवार के सामने खाने-पीने और रहने तक की समस्या उत्पन्न हो गई है।
पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से आर्थिक मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और अचानक हुई इस घटना से पूरी गृहस्थी उजड़ गई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल मदद की गुहार लगाते हुए कहा कि सरकारी सहायता मिलने पर ही वे दोबारा अपना घर और जीवन व्यवस्थित कर सकेंगे।






