गोपालगंज। जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित मोहम्मदपुर ओवरब्रिज के पास अंडा व्यवसायी के चालक से चाकू दिखाकर हुई लूट की घटना का पुलिस ने कुछ ही दिनों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए लाइनर कर्मचारी समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से लूटे गए 67 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस जांच में इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता व्यवसायी का ही कर्मचारी मंजीत कुमार निकला। सदर एसडीपीओ-2 ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मंजीत को व्यवसायी के नकदी के आवागमन की पूरी जानकारी थी। उसने अपने ममेरे भाई विशाल कुमार के माध्यम से अन्य आरोपितों से संपर्क किया और लूट की पूरी योजना तैयार की।
बकरी के एक्सीडेंट का बहाना बनाकर रोकी गाड़ी
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को मोहम्मदपुर ओवरब्रिज के पास सर्विस लेन में आरोपितों ने चालक को रोकने के लिए बकरी के दुर्घटनाग्रस्त होने का बहाना बनाया। चालक के वाहन रोककर नीचे उतरते ही अपराधियों ने उसकी गाड़ी की चाबी छीन ली और चाकू दिखाकर नकदी लूट ली। इसके बाद आरोपित पगडंडी के रास्ते मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-2, महम्मदपुर अंचल निरीक्षक, महम्मदपुर और सिधवलिया थानाध्यक्षों के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपितों तक पहुंच बनाई।
छह आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के बलीछापर गांव निवासी पपन राय के पुत्र सोनू कुमार, मंजीत कुमार और मोनू कुमार तथा महम्मदपुर थाना क्षेत्र के विशाल कुमार, सचिन कुमार पटेल और अनुज कुमार उर्फ सौरभ कुमार के रूप में हुई है।
एसडीपीओ-2 के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और लूट की शेष राशि की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।






