भागलपुर। पीरपैंती थाना क्षेत्र में लगातार लग रहे जाम और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस ने आम लोगों, दुकानदारों और वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी।
पीरपैंती पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुंदरपुर से शेरमारी हाई स्कूल तक फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पीरपैंती अंचल के पुलिस निरीक्षक संजय कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने रास्ते में लोगों और दुकानदारों से बातचीत कर सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से बचने की अपील की।
थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत ने सड़क किनारे खड़े वाहनों के मालिकों और दुकानदारों से कहा कि सड़क पर वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होता है। उन्होंने लोगों से निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करने और सड़क को आवागमन के लिए खुला रखने में सहयोग करने की अपील की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीरपैंती में आए दिन सड़क पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जाम में स्कूली बसों के फंसने से बच्चों और उनके अभिभावकों को भी परेशानी होती है। इसी समस्या को देखते हुए पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन नहीं रोकने के लिए जागरूक किया। पुलिस की ओर से बताया गया कि यातायात व्यवस्था को लेकर विभिन्न स्थानों पर जागरूकता संबंधी बैनर भी लगाए जाएंगे।
पुलिस का उद्देश्य आम लोगों के सहयोग से सड़क पर जाम की समस्या को कम करना और पीरपैंती की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
फ्लैग मार्च में पीरपैंती थाना के सब इंस्पेक्टर आमोद ठाकुर, अमरजीत सिंह, राहुल सिंह समेत दर्जनों पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को लेकर जागरूकता और निगरानी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।







