
जहानाबाद। स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने शुक्रवार को सदर अस्पताल जहानाबाद का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक अस्पताल पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी टी. वाई. भूटिया भी मौजूद रहीं। स्वास्थ्य सचिव ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, विभागों और चिकित्सा इकाइयों का जायजा लिया तथा मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कुछ व्यवस्थाओं को लेकर स्वास्थ्य सचिव ने नाराजगी जताई और सिविल सर्जन को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल जिले का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अनावश्यक रेफरल पर रोक के निर्देश
स्वास्थ्य सचिव ने सदर अस्पताल से बड़ी संख्या में मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किए जाने की स्थिति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से रेफरल के कारणों की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन मरीजों का इलाज सदर अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से रेफर नहीं किया जाए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और विशेषज्ञ सेवाओं का अधिकतम उपयोग किया जाए, ताकि अधिक से अधिक मरीजों का इलाज स्थानीय स्तर पर ही हो सके।
साफ-सफाई और सुविधाओं का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने अस्पताल की साफ-सफाई, वार्डों की स्थिति, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था और संसाधनों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कमियों को चिन्हित कर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देने और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
दिसंबर तक नए भवन में शुरू हो सकता है संचालन
स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने बताया कि सदर अस्पताल के नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिसंबर तक नए भवन में सदर अस्पताल का संचालन शुरू हो सकता है। उन्होंने अधिकारियों को नए भवन के संचालन से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।





