
सहरसा। बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक डॉ. संजीव कुमार पोद्दार सहरसा पहुंचे। उन्होंने देव पैलेस में प्रेस वार्ता कर कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को नामांकन पत्र दाखिल करने की तैयारी है।
डॉ. पोद्दार ने कहा कि छात्र जीवन से ही वे छात्र नेतृत्व से जुड़े रहे हैं। शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षित युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर वह चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार को शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान के कोटा जैसी पहचान कब मिलेगी, इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने की बात कही।
प्रेस वार्ता के दौरान जारी चुनावी पर्चे में स्नातक बेरोजगार युवाओं के लिए न्यूनतम तीन हजार रुपये मासिक पेंशन की मांग रखी गई है। इसके साथ ही अनुकंपा आश्रितों की नियुक्ति छह माह के भीतर सुनिश्चित करने और शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर लगाने की मांग भी शामिल है।
पर्चे में शिक्षकों के ऐच्छिक स्थानांतरण, वित्त रहित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षक-कर्मचारियों को नियमित वेतन देने और समय पर वेतन भुगतान की मांग की गई है। प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों को शिक्षक निर्वाचन में मतदाता बनाने तथा विशेष अवकाश की कानूनी गारंटी देने की बात भी कही गई है।
डॉ. पोद्दार ने जीविका, सहायिका, विकास मित्र समेत विभिन्न स्कीम वर्करों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग भी रखी। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक के लिए ट्रैफिक लाइट, 24 घंटे एंबुलेंस सेवा, नियमित पुलिस गश्त और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की मांग की गई है।
इसके अलावा वकीलों के लिए न्यायालय परिसर में पक्के वकालतखाने की व्यवस्था और शिक्षा, जमीन-म्यूटेशन, बिजली, थाना-कचहरी तथा शिक्षा विभाग से जुड़ी समस्याओं में लोगों को सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई।
डॉ. संजीव कुमार पोद्दार ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर वह मतदाताओं के बीच जाएंगे और अपने एजेंडे को लोगों तक पहुंचाएंगे।





