पलामू में वनांचल ग्रामीण बैंक में लूट का प्रयास, गार्ड और बैंक कर्मियों की बहादुरी से हथियार छोड़कर भागा अपराधी

झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। शहर के आढ़त रोड स्थित वनांचल ग्रामीण बैंक में सोमवार को एक अपराधी ने हथियार के बल पर लूटपाट करने का प्रयास किया। हालांकि बैंक में तैनात सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों की बहादुरी के कारण अपराधी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। बैंक कर्मियों के विरोध और उससे हुई भिड़ंत के बाद अपराधी अपना हथियार छोड़कर मौके से फरार हो गया।

 

Sponsored Advertisement

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर एक व्यक्ति बैंक के अंदर दाखिल हुआ। वह सीधे कैश काउंटर पर पहुंचा और पैसे निकालने के बहाने वहां मौजूद बैंक कर्मियों से बातचीत करने लगा। इसी दौरान अचानक उसने हथियार निकाल लिया और बैंक कर्मियों से पैसे देने की मांग करने लगा। हथियार देखते ही बैंक में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। लेकिन सुरक्षा गार्ड और बैंक कर्मियों ने हिम्मत दिखाते हुए अपराधी का मुकाबला किया।

 

इस दौरान हुई भिड़ंत में बैंक के एक कर्मचारी को चोट भी आई। बैंक कर्मियों के हावी होने पर अपराधी घबरा गया और अपना हथियार छोड़कर वहां से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

 

टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि बैंक में किसी तरह की लूट नहीं हुई है। अपराधी हथियार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, बरामद हथियार में गोली नहीं थी। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी नशे का आदी हो सकता है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

 

गौरतलब है कि जिस इलाके में यह घटना हुई, वह मेदिनीनगर का प्रमुख बाजार क्षेत्र है और यहां दिनभर काफी चहल-पहल रहती है। दिवाली के अगले दिन बाजार में अपेक्षाकृत कम भीड़ होने का फायदा उठाकर अपराधी ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। घटना के बाद बैंक के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

 

**पलामू, झारखंड। संवाददाता सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट।**

Related Posts

काली पूजा के विभिन्न पंडालों में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो, मां काली के दर्शन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना

काली पूजा के पावन अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविन्द्र नाथ महतो ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित मां काली पूजा पंडालों का…

राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर कुसुमदाहा में लगा जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को दी गई मुफ्त कानूनी सहायता और अधिकारों की जानकारी

जामताड़ा राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर सोमवार को नाला प्रखंड अंतर्गत कुसुमदाहा गांव में विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *