सीवान के दरौंदा रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब डाउन जनसेवा एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला ने ट्रेन के अंदर ही बच्चे को जन्म दे दिया। अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। इसी दौरान ट्रेन दरौंदा रेलवे स्टेशन पहुंच रही थी और यात्रियों की मदद से महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला और नवजात दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि महिला जनसेवा एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थी। ट्रेन जैसे ही दरौंदा रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, अचानक उसे तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति को देखते हुए ट्रेन में मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मियों ने मदद के लिए आगे बढ़कर महिला को संभाला। कुछ ही देर में महिला ने ट्रेन के अंदर ही बच्चे को जन्म दे दिया।
अचानक हुई इस घटना से ट्रेन में यात्रियों के बीच हलचल मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दरौंदा रेलवे सुरक्षा बल चौकी प्रभारी ग्यास सरवर सक्रिय हुए। रेलवे कर्मियों और अन्य लोगों की मदद से महिला और नवजात को सुरक्षित ट्रेन से नीचे उतारा गया।
इसके बाद तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर दोनों को दरौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने महिला और नवजात की जांच की। दोनों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई और उनकी स्थिति पर निगरानी रखी गई।
फिलहाल महिला और नवजात की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, प्रसव के बाद रेलवे सुरक्षा बल की ओर से दिखाई गई तत्परता की यात्रियों ने सराहना की। समय रहते मां और बच्चे को अस्पताल पहुंचाए जाने से उन्हें जरूरी चिकित्सकीय देखभाल मिल सकी। घटना के बाद स्टेशन पर कुछ देर तक लोगों के बीच इसी मामले की चर्चा होती रही।





