जामताड़ा। मोहनाबांक-नाला मुख्य मार्ग पर पतुलिया के पास बीते दिनों हुए सड़क हादसे में फतेहपुर थाना क्षेत्र के आसनबेड़िया गांव निवासी रॉबिन मोहली की मौत के बाद गुरुवार को भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
बताया गया कि सड़क दुर्घटना में रॉबिन मोहली की मौत के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य आज भी एक छोटे से कच्चे मिट्टी के कमरे में रहने को मजबूर हैं।
मृतक के घर पहुंचने के बाद मनोज गोस्वामी ने परिवार की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इतने जरूरतमंद परिवार का आज भी सरकारी आवास योजना के लाभ से वंचित रहना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे गरीब और बेसहारा परिवारों पर सरकार और प्रशासन को विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि उन्हें बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
मनोज गोस्वामी ने मृतक के परिजनों को भरोसा दिलाया कि वे परिवार की समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने मृतक के भोज-भात कार्यक्रम में भी हरसंभव सहयोग करने की बात कही।
इधर, पीड़ित परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति बताते हुए कहा कि उनके पास रहने के लिए पक्का मकान तक नहीं है। एक छोटे से मिट्टी के कमरे में परिवार के कई सदस्य किसी तरह गुजर-बसर कर रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि अब तक उन्हें किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल सका है। परिवार के मुताबिक, उनका राशन कार्ड भी नहीं बना है।
परिजनों ने प्रशासन से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, राशन कार्ड बनवाने और अन्य जरूरी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। हादसे में परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत के बाद चार छोटे बच्चों की जिम्मेदारी भी परिवार के सामने बड़ी चुनौती बन गई है।
अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से इस गरीब परिवार की स्थिति का सत्यापन कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ कब तक दिलाया जाता है।
रिपोर्ट – संतोष कुमार, जामताड़ा







