
जामताड़ा: नाला प्रखंड के श्रीपुर पंचायत अंतर्गत कालाझरिया गांव में मंगलवार को समाज विकास समिति के तत्वावधान में भव्य करम महोत्सव का आयोजन किया गया। पारंपरिक लोक संस्कृति और आदिवासी परंपराओं को समर्पित इस महोत्सव में आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। करम गीतों की मधुर तान, मांदल की थाप और युवतियों के सामूहिक नृत्य ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण अंतर-ग्रामीण करम नृत्य प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में कुल 19 टीमों ने हिस्सा लिया और अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। ठाकुरपाड़ा की राधा ग्रुप, सलोनी ग्रुप, पुष्पा और शबनम ग्रुप, केशोरी की रॉयल ग्रुप, मेजबान कालाझरिया की प्रमिला, सीमा, रीमा, मुस्कान, नीतू और उषा ग्रुप ने प्रस्तुति दी।
इसके अलावा अमलाचतर की साथी व खुशबू ग्रुप, नाड़ाडीह की स्वीटी, पायल, लक्की और संगीता ग्रुप, कालूखान की उषा ग्रुप तथा इंदुरहीर की एनएपी ग्रुप ने भी पारंपरिक करम नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी युवतियों के नृत्य और लोकगीतों ने दर्शकों का मन मोह लिया। देर शाम तक ग्रामीण कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद प्रतिनिधि अजय मंडल मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्रीपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शुकदेव सोरेन, पंचायत समिति सदस्य बिजली देवी, उपमुखिया ठाकुर सिंह, वार्ड सदस्य अर्जुन प्रसाद सिंह, ग्राम प्रधान बिंद महतो, अंचल निरीक्षक श्याम सुंदर बेसरा समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
आयोजन को सफल बनाने में समाज विकास समिति के रामचंद महतो, गौउर महतो, मोहन सिंह, जयदेव सिंह, बबलू महतो, लालमोहन महतो, दिलीप महतो, दिनेश महतो समेत समिति के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों की अहम भूमिका रही।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा






