
सहरसा: 17 बिहार बटालियन एनसीसी से जुड़े मधेपुरा कॉलेज, मधेपुरा के एनसीसी कैडेट कपिलदेव कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर कॉलेज और बिहार-झारखंड का नाम रोशन किया है। ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप (TSC) की शूटिंग प्रतियोगिता में कपिलदेव ने बिहार-झारखंड निदेशालय की टीम का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता में बिहार-झारखंड निदेशालय ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया।
उपलब्धि के बाद कॉलेज लौटे कपिलदेव कुमार का कॉलेज परिसर में भव्य स्वागत किया गया। मेजर डॉ. गौतम कुमार समेत एनसीसी कैडेटों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी। साथ ही अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. पूनम यादव ने कहा कि कपिलदेव का थल सेना कैंप के लिए बिहार-झारखंड निदेशालय की टीम में चयन पूरे कॉलेज परिवार के लिए गर्व और ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह सफलता कपिलदेव की मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेटों के लिए प्रेरणा बनेगी।
एनसीसी पदाधिकारी मेजर डॉ. गौतम कुमार ने भी कपिलदेव को बधाई देते हुए कहा कि थल सैनिक कैंप के लिए चयन आसान नहीं होता। कपिलदेव ने अपनी निरंतर मेहनत, अनुशासन और शूटिंग के प्रति समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि कपिलदेव ने मधेपुरा कॉलेज के साथ पूरे बिहार-झारखंड निदेशालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा किया है।
इस मौके पर डॉ. भगवान कुमार मिश्रा समेत अन्य शिक्षक-कर्मी और एनसीसी कैडेट विकास कुमार, भवेश कुमार, सिंपल कुमारी और प्रीति यादव मौजूद रहे और कपिलदेव के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





